शिमला। ठियोग से विधानसभा चुनावों में वामपंथी विधायक राकेश सिंघा को मात देकर विपरीत परिस्थितियों में अपनी सीट निकाल देने वाले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष के अंदाज़ में मैदान में उतर गए हैं। हालांकि अभी वो हालीलाज कांग्रेस से पार्टी की अध्यक्षी छीन नहीं पाए हैं। लेकिन जिस अंदाज़ में उन्होंने राजधानी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस को लेकर दावे किए है वो यही संकेत दे रहे है कि वो प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
उन्हें भी मित्र मंडली को छोड़कर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू नेसभी ‘बाकियों’ की तरह हाशिए पर ही रखा हुआ हैं। लेकिन वो हिमाचल प्रदेश कांग्रेस को लेकर ही नहीं गुजरात में पार्टी को लेकर भी बड़ा दावा कर गए । जो गुजरात में आगामी विधानसभा चुनावों में गुजरात में मोदी –शाह की लंका ढहाने का दावा कर रहे हैं।
राजधानी में संवादददाता सम्मेलन में राठौर ने दावा किया कि अहमदाबाद में आयोजित कांग्रेस पार्टी के अधिवेशन से पार्टी कार्यकर्ताओं में नए जोश का रक्त संचार हुआ है। अधिवेशन में भाजपा के खिलाफ युद्धघोष की गूंज जल्द ही पूरे देश में सुनाई देगी। राठौर ने कहा कि कांग्रेस मौजूदा शासन के खिलाफ जिसमें अन्याय, बेरोजगारी व मंहगाई जैसे अहम मुद्दे है उसके लिये कांग्रेस ने न्याय पथ चुना है।
इसके बाद वो संगठन के मसले पर आ गए व दावा किया कि कांग्रेस बूथ स्तर से लेकर जिला तक पार्टी संगठन को मजबूत करेगी। जिला अध्यक्षों को मजबूत कर उन्हें अधिक शक्तिशाली बनाया जाएगा और उन्हें पार्टी की बड़ी बैठकों में भी बुलाया जाएगा। वो ये तक कह गए कि चुनावों के लिए पार्टी प्रत्याशी चयन में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी व संगठन में जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे,नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने स्पष्ट किया है कि पार्टी को ग्रासरूट से मजबूत किया जाएगा।
वो सब तो कह गए लेकिन प्रदेश में संगठन व सरकार दोनों के ही खराब हालात हैं और राठौर की न संगठन में और न ही सरकार में कोई भागीदारी हैं। बाकी नेताओं की उनकी भी कोई सुनता नहीं हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह संगठन और मुख्यमंत्री सुक्खू सरकार पर पकड़ ही नहीं बना पाए हैं। दोनों संगठन और सरकार पर कुंडली मार कर बैठे है और संगठन व सरकार में शामिल कांग्रेसी आजाद होने के लिए तड़प रहे हैं।
बहरहाल , संवदादाता सम्मेलन में राठौर ने कहा कि उन्हें गुजरात में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक के तौर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए उन्होंने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि प्रदेश में उनके संगठन, प्रदेशाध्यक्ष में किये गए कार्यों के परिणाम स्वरूप उन्हें गुजरात की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेशाध्यक्ष के दौरान उन्होंने प्रदेश की उन विधानसभा क्षेत्रों में जहां पार्टी पिछले कई सालों से हार रही थी उन क्षेत्रों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिये जमीनी स्तर पर कार्य किया और उसमें सफलता भी हासिल की। उन्होंने कहा कि कोई भी जीत असंभव नही होती इरादे मजबूत होने चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इस बार गुजरात मे कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहरायेगी।
सेब की राजनीति भी
कुलदीप सिंह राठौर ने अमरीकी टैरिफ वॉर को 90 दिनों तक निरस्त करने पर खुशी जताते हुए केंद्र सरकार से मांग की है कि वह अमेरिका के साथ किसानों व बागवानों के हितों की मजबूत पैरवी करें। उन्होंने सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने की मांग फिर दोहराई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पांच हजार करोड़ की आर्थिकी विदेशी आयात से प्रभावित हो रही है।
राठौर ने कहा कि वह प्रदेश के सभी भाजपा सांसदों को पत्र लिख कर सेब की आर्थिकी को बचाने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष प्रदेश का पक्ष रखने का आग्रह करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इसके लिए प्रदेश के सभी भाजपा नेताओं का सहयोग मिलेगा।
(49)