शिमला। मुख्यमंत्री जय राज ठाकुर ने सोलन जिला के प्रसिद्ध ठोडो मैदान में नशा निवारण रैली में एलान किया कि उनकी सरकार नशे के बुरे प्रभावों के बारे युवाओं को सचेत करने के लिए इसे स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करेगी ताकि युवा पीढ़ी को इस बुराई से बचाया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने साफ किया कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्तता को गैर जमानती अपराध की श्रेणी में लाने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नशे की आदत विशेषकर युवाओं में चिन्ताजनक है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश इससे अछूता नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस सामाजिक बुराई पर अंकुश लगाने के लिए पड़ोसी राज्यों से नशे की तस्करी पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं व ड्रग्स तस्करों को पकड़ने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त अभियान शुरू करने के भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े लोगों को दण्डित करने के लिए कठोर कानून बनाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बुराई को रोकने के लिए अध्यापकों तथा अभिभावकों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को उनके बच्चों के व्यवहार में आए बदलाव पर भी नजर रखनी होगी। उन्होंने कहा कि कई बार अभिभावक अपने बच्चों में नशे के लक्षणों की अनदेखी करते हैं, जो बाद में गंभीरर रूप धारण कर लेता है। उन्होंने कहा कि सिन्थेटिक मादक द्रव्यों का उपयोग और भी खतरनाक है तथा इसके लिए सचेत होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नशे की इस बुराई के विरूद्ध जन अभियान चलाने की आवश्यकता है तभी हमारे देश का भविष्य सुरक्षित रह सकेगा।
उन्होंने आज के दिन को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि देश पुलिस शहिदी दिवस मना रहा है। और 75 साल पूर्व इसी दिन नेता जी सुभाष चन्द्र बोस ने राष्ट्र को विदेशी प्रभुत्व से मुक्त करवाने के लिए अजाद हिन्द सेना का गठन किया था।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
इस मौके पर क्षेत्र के प्रख्यात डॉ. वीरेन्द्र मोहन ने कहा कि विशेषकर 12 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चे नशे की चपेट में सर्वाधिक आते हैं। उन्होंने कहा कि जो सहपाठी व मित्र के दबाव व कई अन्य कारणों से हो सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे में अध्यापकों तथा अभिभावकों को अपने बच्चों के व्यावहार पर कड़ी नजर रखनी चाहिए। बच्चों के व्यवहार में आए किसी भी असमान्य बदलाव को गम्भीरता से लेना चाहिए।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने सोलन स्थित माल रोड़ में पुराने उपायुक्त कार्यालय में महिला पुलिस थाने का लोकार्पण किया।
दून के विधायक परमजीत पम्मी, सोलन के विधायक कर्नल धनी राम शांडिल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा डॉ. डेजी ठाकुर, खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरषोतम गुलेरिया, पूर्व विधायक विनोद चन्देल, भाजपा नेता एच.एन. कश्यप तथा डॉ. राजेश कश्यप, आईजी पुलिस पुनिता भारद्धाज भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।
(1)