शिमला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कांगड़ा जिले के धर्मशाला में 50वीं हिमाचल प्रदेश पुलिस खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए एलान किया कि शीघ्र ही प्रदेश पुलिस विभाग में 1000 पुलिस जवानों की नियुक्ति की जाएगी, ताकि विभाग का कार्य सुचारू रूप से सुनिश्चित बनाया जा सके। उन्होंने इस मौके पर प्रदेश में पुलिस आवास निगम स्थापित करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस आवास के लिए 50 करोड़ रुपए उपलब्ध करवाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस व्यवसाय में अनेक चुनौतियां है, परन्तु इसमें अपनी व्यावसायिक सन्तुष्टि भी है। उन्होंने कहा कि राज्य की भौगोलिक स्थिति कठिन है और प्रदेश में पुलिस व्यवस्था अन्य राज्यों की तुलना में काफी चुनौतीपूर्ण है।
मुख्समंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार ने प्रदेश के लिए प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए एक एनडीआरएफ की बटालियन स्वीकृत की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राज्य में पुलिस कांस्टेबल के लिए बेहतर उत्थान सुनिश्चित बनाएगी।
जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतिस्पधार्ओं के विजेतओं को पुरस्कार प्रदान किए। उत्तरी रेंज ने फुटबॉल में, केन्द्रीय रेंज ने वॉलीबॉल तथा बास्केटबाल में और दक्षिण रेंज ने एथलेटिक्स में पहला स्थान प्राप्त किया।
आरक्षी भानु प्रकाश व आरक्षी दिनेश कुमार को सर्वश्रेष्ठ एथलीट घोषित किया गया। दक्षिणी रेंज ने खेल और एथलेटिक्स में सर्वश्रेष्ठ टीम का खिताब जीता।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पुलिस स्पोर्ट्स मीट की स्मारिका का विमोचन भी किया।
डीजीपी ने कहा 21 हजार बीघा से हटाई भांग
इस मौके पर पुलिस महानिदेशक सीताराम मरढ़ी ने कहा कि प्रदेश पुलिस राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए प्रदेश में एक व्यापक अभियान चलाया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस ने राज्य की 21000 बीघा भूमि से भांग के पौधों को नष्ट किया है। उन्होंने इस
तीन दिवसीय पुलिस खेल प्रतियोगिता को पूरी तरह सफल करार दिया उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर पुलिस खेल प्रतियोगिता की विभिन्न प्रतिस्पधार्ओं में स्वर्ण और रजत पदक जीत कर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है।
इस मौके पर शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार, उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर, सामान्य उद्योग निगम के उपाध्यक्ष मनोहर धीमान, कांगडा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष डॉ. राजीव भारद्धाज, विधायक रविन्द्र धीमान, पूर्व विधायक संजय चौधरी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव संजय कुंडू, एडीजीपी कानून व्यवस्था अनुराग गर्ग समेत पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत की।
(0)