शिमला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां प्रदेश के सिपाही स्तर के पुलिस कर्मियों को तोहफे का एलान किया । उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस विभाग में मानद सहायक उप-निरीक्षक के पद सृजित किए जाएंगे। 32 साल की सेवा अवधि वाले मानद मुख्य आरक्षियों और मुख्य आरक्षियों को मानद सहायक उप निरीक्षक के पद पर तैनाती दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि 2002 में भाजपा सरकार ने ही राज्य पुलिस में मानद मुख्य आरक्षी के पद को भीस्वीकृति दी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मानद सहायक उप निरीक्षक जिला और बटालियन मुख्यालयों में दो सप्ताह का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। मानद सहायक उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक की वर्दी, बैज और स्टार भी धारण कर सकेंगे।
जय राम ठाकुर ने कहा कि इस फैसले से करीब 500 पुलिस कर्मी लाभान्वित होंगे और इस पर कुल 8लाख 30 हजार रुपए का सालाना वित्तीय खर्च आएगा। मानद सहायक उप निरीक्षकों को प्रति माह 200 रुपए का विशेष वेतन मिलेगा और 32 सार्ल की सेवा वाले सभी कर्मियों को मानद सहायक उप निरीक्षक पद से सेवानिवृत होने का अवसर मिलेगा। इससे न सिर्फ इनके आत्मसम्मान को बल मिलेगा बल्कि समाज में एक ऊंचे ओहदे से सेवानिवृत्त होने का संतोष रखेंगे।
उन्होंने कहा कि इस फैसले से पुलिस में कार्यरत कर्मचारियों एवं अधिकारियों का मनोबल भी बढ़ेगा।उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस बल में 70 प्रतिशत से अधिक आरक्षियों और मानद मुख्य आरक्षियों की संख्या है। मानद सहायक उप निरीक्षकों से न सिर्फ पुलिस अन्वेषण करवाया जा सकेगा बल्कि राज्य पुलिस के पास कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी अधिक संख्या मेंं सहायक उपनिरीक्षक उपलब्ध होंगे।
(1)