रूही शर्मा
धर्मशाला। एक अदद नौकरी पाने के लिए दौड़ लगाई और फिनिशिंग लाइन को पार भी कर लिया लेकिन इस लाइन के उस पार मौत उसका इंतजार कर रही थी। धर्मशाला के पुलिस मैदान में इन दिनों पुलिस कांस्टेबल के पदों के लिए भर्ती चल रही है इसी में शारीरिक फिटनेस के टैस्ट में दौड़ लगाते वक्त कुठेड़, तहसील ज्वाली के रजत ने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रजत रेसिंग का टैस्ट दे रहा था। लक्ष्य को भी पार कर दिया था लेकिन अचानक मैदान में गिर गया। उसे पुलिस अधिकारियों ने मैदान से तुरंत धर्मशला के सिविल अस्ताल में ले जाया गया जहां रजत को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया।
रजत के साथियों के मुताबिक रजत इससे पहले भी कई भर्तियों में हिस्सा ले चुका था और वह हरदम दौड़ में अव्वल रहता था। रजत वीरवार की सुबह पुलिस कांस्टेबल का टेस्ट देने के लिए पुलिस ग्राउंड धर्मशाला पहुंचा था। दौड़ के मुकाबले में उसका नंबर अंतिम ग्रुप में था। शाम को जब उसका नंबर आया तो वह बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा था लेकिन यह दौड़ उसके जीवन की अंतिम दौड़ साबित हुई। रजत अब कभी दौड़ नहीं पाएगा।
बताया जा रहा है कि रजत सांस की बीमारी से भी पीड़ित था, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। इस बारे में रजत के परिवार से पुष्टि नहीं की है। कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक रमेश छाजटा ने कहा कि जब तक पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं आती है तब तक इस मामले में कुछ कहना मुश्किल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में पुष्टि की जा पाएगी।
एसपी छाजटा ने रजत की मौत को दुर्भाग्यापूर्ण बताया साथ ही उन्होंने भर्ती में आ रहे प्रतिभागियों से अपील करते हुए कहा कि अगर वह किसी बीमारी से पीड़ित हैं तो उसे अधिकारियों से छुपाए ना। इस भर्ती में कांगड़ा जिले के विभिन्न रोजगारों कार्यालयों में पंजीकृत 24,990 युवक भाग ले रहे हैं। 17 सितंबर को युवकों की भर्ती का अंतिम दिन है। इस भर्ती में कांगड़ा जिले की ही 7,735 युवतियां भी अपनी किस्मत को अजमाएंगी। महिलाओं के लिए भर्ती 18 सितंबर से 20 सितंबर तक चलेगी।
(0)