शिमला। प्रदेश कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए जिला कुल्लू के निरमंड से केंद्र व प्रदेश सरकार के कारनामों की पोल खोल अभियान की शुरूआत करते हुए भाजपा को विभिन्न जिलों में पार्टी कार्यालयों के लिए जमीन खरीद मामले को लेकर कटघरे में खड़ा किया।
नोटबंदी को आजादी के बाद देश का सबसे बड़ा घोटाला करार देते हुए सुक्खू ने इल्जाम लगाया कि भाजपा नेताओं ने नोटबंदी के बाद काले धन को बड़ी मात्रा में रातोंरात सफेद किया पार्टी भी पीछे नहीं उसने भी काले धन को सफेद करने के लिए पार्टी कार्यालयों के लिए जमीनें खरीदीं। वह निरमंड में जनसभा में बोल रहे थे। सुक्खू ने एलान किया कि प्रदेश की जयराम सरकार का एक साल पूरा होने पर कांग्रेस की ओर से लाई जा रही चार्जशीट में भाजपा से यह भी पूछा जाएगा कि पार्टी कार्यालयों के लिए जमीन खरीदने को धन कहां से आया। हमीरपुर में तो भाजपा के पास पहले से कार्यालय हैं फिर क्यों जमीन खरीदी गई। सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने काला धन सफेद करने के लिए ही दफ्तरों के नाम पर जमीनें खरीदी हैं। सुक्खू ने कहा कि आगामी चुनावों मेें यह मामला जनता की अदालत में जाएगा।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी के दौरान 120 लोग मारे गए और अर्थव्यवस्था को 3 लाख करोड़ का नुकसान हुआ। लाखों युवा बेरोजगार हुए हैं। अनेकों उद्योग बंद हो गए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है। निजी कंपिनयों को फायदा पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार ने पेट्रो पदार्थों को न तो जीएसटी के दायरे में लियाए न ही उनकी कीमत बढ़ोतरी पर सरकारी नियंत्रण रखा है। सुक्खू ने कहा कि जनता भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए तैयार बैठी है। मोदी व भाजपा ने हिमाचल के साथ झूठे वादे किए। एक भी वादा भाजपा की केंद्र सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में पूरा नहीं हुआ।
(0)