शिमला।मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शिमला में साहित्यकार गुरमीत बेदी के कहानी संग्रह ‘‘सूखे पत्तों का राग’‘ का विमोचन किया। इस कहानी संग्रह में लेखक के अल- अलग अनुभवों से उपजी 14 कहानियाँ हैं। संग्रह की भूमिका जानी मानी कथाकार व प्रसार भारती की पूर्व अध्यक्ष चित्रा मुदगिल ने लिखी है।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आशा व्यक्त की भविष्य में अपनी लेखनी से साहित्य जगत को समृद्ध करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार साहित्य व संस्कृति के सरंक्षण व संवर्धन के लिए अनेक योजनाएं क्रियान्वित कर रही है और उत्कृष्ट साहित्यिक कृतियों पर सरकार द्वारा पुरस्कार भी प्रदान किए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण कहलाता है और साहित्यकारों की रचनाएं समाज को नई दिशा देती हैं।
ऊना में ज़िला लोक सम्पर्क अधिकारी के रूप में कार्यरत गुरमीत बेदी की यह सातवीं पुस्तक है। उनके 2 कहानी संग्रह, 3 व्यंग्य संग्रह, 1 कविता संग्रह और एक शोध पुस्तक प्रकाशित हुई हैं और उन्हें कविता संग्रह ‘‘मौसम का तकाजा” के लिए हिमाचल कला संस्कृति भाषा अकादमी अवार्ड सहित विभिन्न प्रदेशों व विदेशों के भी कई साहित्यिक पुरस्कार मिल चुके हैं।
हिमाचल की कला, संस्कृति पर भी गुरमीत बेदी ने अनवरत लेखन किया है। उनके तीन उपन्यास भी धारावाहिक रूप से प्रकाशित हुए हैं।
(4)