शिमला। हिमाचल के नए राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल कल राजभवन में पद व गोपनीयता की शपथ लेंगे। वह आज पत्नी जानकी शुक्ल संग राजधानी शिमला पहुंच गए हैं।
शुक्ल का उतर प्रदेश की राजनीति में बडा नाम रहा है। जब तक गोरखपुर में योगी का जलवा नहीं उभरा था तब तक वह काफी ताकतवर रहे थे। योगी के उभरने के बाद उनका सितारा कुछ धुंधला गया और वह हाशिए पर चले गए। इस बीच योगी मुख्यमंत्री बन गए लेकिन दोनों में सियासी जंग चलती रही और योगी का वर्चस्व हो गया।
लेकिन अब उन्हें हिमाचल का राज्यपाल बना दिया गया है। अब देखना है कि वह आगामी लोकसभा चुनावों के मददेनजर प्रदेश की राजनीति में कोई धूम मचा पाते है या शांति से अपनी भूमिका निभाते पाते है। देश की राजनीति में जहां भी गैर भाजपाइ सरकारें हैं वहां पर भाजपा का एजेंडा आपरेशन लोटस का रहता है। यहां क्या कुछ हो पाता है इस पर नजर रहेगी।
दिलचस्प यह है कि उनकी अगुवाई के लिए कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला भी राजधानी में पहुंचे थे।
आज उनकी अगुवाई मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया,पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल, बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह, सांसद एवं प्रभारी प्रदेश कांग्रेस राजीव शुक्ला, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तजिंदर सिंह बिट्टू, सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार ;सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, विधायकगण, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों तथा गणमान्य लोगों ने राजभवन में शिव प्रताप शुक्ल का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने उन्हें व उनकी धर्मपत्नी जानकी शुक्ल को हिमाचली टोपी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
शिव प्रताप शुक्ल 18 फरवरी 2023 को दोपहर दो बजे हिमाचल प्रदेश के 29वें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे।
(8)