शिमला । नगर निगम शिमला के महापौर व उपमहापौर के पद पर अपने चहेतों की ताजपोशी कराने से खफा भाजपा के पार्षद संजीव ठाकुर व उनके समर्थकों ने शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज के खिलाफ विद्रोह का झंडा का बुलंद कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के करीबी संजीव ठाकुर वरिष्ठ पार्षद है व वह नगर निगम के महापौर के पद के लिए सशक्त दावेदार थे। लेकिन पार्टी ने उनकी एक नहीं सुनी ।
संजीव ठाकुर भाजपा शिमला मंडल के महामंत्री हैं, उन्होंने पार्टी की ओर से उन्हे महापौर पद के लिए नजरअंदाज करने के विरोध में इस पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके अलावा निगम के रुल्दू भटटा वार्ड जहा से वह पार्षद है, वहां की भाजपा की कमेटी ने अपने पद से इस्तीफा देकर एलान कर दिया है कि वह स्थानीय विधायक व शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज के अधीन काम नहीं करेंगे।
रुल्दू भटठा वार्ड से इस्तीफा देने वालों में वार्ड के सभी छह बूथों के अध्यक्षों,बूथ पालकों ,बूथ स्तर के एजेंट शामिल है। इनमें जिला युवा मोर्चा शिमला के उाध्ययक्ष भी शामिल है।
भाजपा में यह पहला विद्रोह है। पार्षद संजीव ठाकुर ने कहा कि वह पार्टी के कार्यकर्ता बने रहेंगे व निगम के बतौर पार्षद लोगों की समस्याए उठाते रहेंगे। लेकिन पार्टी में कोई जिम्मेदारी नहीं संभालेंगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक शिक्षा मंत्री के खिलाफ आधा दर्जन के करीब मोर्चा खोलने का मन बना रहे है अगर ये आग यू ही सुलगती रहने दी तो आगामी विधानसभा चुनाव में में भाजपा की इस अंदरुनी जंग का लाभ किसी और कों ही मिलेगा।
(1)