शिमला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने भाजपा के आइटी प्रकोष्ठ की राज्य कार्यकारी समिति की बददी में आयोजित बैठक में पार्टी की आइटी टीम से आहवान किया वह राज्य सरकार और राज्य भाजपा की उपलब्धियों के प्रसार करने के साथ-साथ और विपक्षी पार्टी कांग्रेस के झूठे प्रचार का मुंह तोड जवाब दे। । उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक व्यक्ति की ओर से विधानसभा में घटित हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना की अत्यधिक निंदा की गई है। उन्होंने राज्य आईटी सेल से सोशल मीडिया के माध्यम से इस घटना का प्रचार प्रसार कर कांग्रेस के असली चेहरे को बेनकाब करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह युग सूचना और संचार का युग है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान राज्य सरकार और पार्टी ने सोशल मीडिया का अधिक से अधिक उपयोग संकट के समय में लोगों की सहायता करने के लिए ही नहीं बल्कि महामारी के दौरान स्थिति की निरंतर निगरानी करने के लिए भी सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि राज्य के आइटी सेल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ नेताओं और जनता के बीच उचित संपर्क और संचार सुनिश्चित करने में प्रमुख भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के आईटी सदस्यों को मंत्रिमंडल के निर्णयों और लोगों के कल्याण के संबंध में लिए जाने वाले मुख्य निर्णयों आदि के समाचारों का शीघ्र प्रसार सुनिश्चित करना चाहिए।
जय राम ठाकुर ने कहा कि 11 जिला परिषदों में से 9 में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने विजय हासिल की जबकि कांग्रेस केवल दो जिला परिषद ही जीत पाई। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि नगर निगम चुनावों में और उसके बाद 2022 के विधान सभा चुनावों में भी कांग्रेस को उसकी असली जगह दिखाई जाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के झूठे प्रचार का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने के लिए सोशल मीडिया सबसे सशक्त माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने राज्य भाजपा आईटी विभाग से 2022 के विधानसभा चुनावों के लिए ग्राम सभा से विधानसभा के लक्ष्य को हासिल करने के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
(0)