जैसलमेर/नई दिल्ली। भारत सरकार आतंकवादी गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पश्चिमी सीमा पर पुख्ता इंतज़ाम करने की तैयारी करने जा रही है। केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि साल 2018 तक भारत पाक सीमा को सील कर दिया जाएगा।
जैसलमेर में अन्तरराष्ट्रीय सीमावर्ती राजस्थानए पंजाबए जम्मू कश्मीर और गुजरात में ताजा सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करने के बाद सिंह संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश पर किसी तरह की आंच नहीं आने दी जाएगी। उरी हमले और उसके बाद भारतीय सेना के लक्षित हमले के बाद पाकिस्तान के साथ जारी तनाव के बीच यह समीक्षा अहम मानी जा रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 तक भारत पाक सीमा को पूरी तरह सील कर दिया जाएगा। केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा कि बार्डर सिक्योरिटी ग्रिड बनाया जाएगा और लगातार इसकी निगरानी की जाएगी। केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजू के साथ संवाददाताओं से बातचीत करते हुए सिंह ने स्वीकार किया कि पाकिस्तान के साथ तनाव बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि देश पर किसी तरह की आंच नहीं आने दी जाएगी। देशवासियों को सेना और जवानों पर विश्वास रखना चाहिए। सेना के जवानों की प्रशंसा करते करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह से किसान अपनी फसल की रखवाली करता है उसी तरह जवान सीमा की रखवाली कर रहा है।
राजनाथ ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की टिप्पणियों को लेकर कहा कि ऐसे समय जब तनाव बढ़ा हुआ हो, किसी भी क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को संयम बरतना चाहिए।
वहीं दिल्ली में आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सर्जिकल स्ट्राइक के लिए भारतीय सेना को बधाई दी। अमित शाह ने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वाले दलों और नेताओं के बयानों की भी निंदा की। उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की निंदा करते हुए कहा कि उनके बयान से सेना का मनोबल पर असर पड़ा है।
रिपोर्ट- सी के सिंह
(0)