शिमला।पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने दावा किया है कि इस बजट सत्र में हिमाचल प्रदेश की वीरभद्र सरकार गिर सकती है।विधानसभा परिसर में मीडिया से रूबरू हुए धूमल ने कहा कि सरकार की जिस तरह की स्थिति चल रही है उससे लगता है कि बजट सत्र में किसी भी बिल पर ये सरकार गिर जाएगी।प्रश्नकाल के दौरान वॉकआउट कर भाजपा सदस्यों के साथ सदन से बाहर आए धूमल ने कहा कि विधायक मंडल इस मसले पर आगामी रणनीति तय करेगा।
धूमल ने कहा कि राजनीति में हर बार संभावनाएं होती है और हिमाचल में उत्तराखंड व अरुणाचल जैसी संभावनाएं बन रही है।
धूमल ने भाजपा विधायक दल द्वारा सदन से वाकआउट के मुददे पर कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आईटीआर मामले में केंद्र का कोई हाथ नहीं है क्योंकि ईडी ने पूर्व यूपीए सरकार के समय उनके खिलाफ मुकददमा दर्ज किया था। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने अपनी आईटीआर में तीन सालों में सेबों से 47 लाख की आय को बढाकर 6.35 करोड बताया है जो संभव ही नहीं है। ऐसे में उन्होंने गलतियां खुद की है और उन्हें इसका खामियाजा भी भुगतना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा जांच में पाया गया है कि आनंद चौहान के साथ सेब ढुलाई को लेकर समझौता पहले 17 जून 2008 को हुआ था लेकिन दस्तावेजों में हेराफेरी करने के बाद अब नया समझौता 15 जून 2008 को ही दर्शा दिया गया। उनका कहना है कि जब एक समझौता पहले ही बाद की तारिख में हो चुका है तो फिर दूसरा समझौता उससे पहले कैसे हो सकता है।
धूमल ने कहा कि भाजपा इसी मुदृदे के तहत नियम-67 के तहत चर्चा चाहती थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को सच्चाई का सामना करना चाहिए। धूमल का यह भी कहना था कि दूसरों पर दोषारोपण करके वीरभद्र सिंह अपनी जिम्मेवारियों से नहीं छूट सकते। उन्होंने कहा कि इतिहास में पहली बार किसी वर्तमान मुख्यमंत्री की संपति अटैच हुई है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसे में अब सरकार चर्चा से नहीं भाग सकती। उन्होंने यह भी कहा कि दस्तावेजों में हेराफेरी की रिपोर्टो के मामलों कांग्रेस पार्टी ने भी मुख्यमंत्री से पल्ला झाड़ लिया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इसी मुददे पर सदन से बाहर तो बयान दे रहे हैं लेकिन सदन में चर्चा नहीं चाहते जो सरकार के दोहरे मापदंड है।
धूमल ने मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि वह उनकी संपतिबकी कभी भी जांच करवा लें। धूमल ने कहा कि उन्होंने कभी भी कोई संपत्ति नहीं छुपाई है। उन्होंने कांग्रेस में फूट का भी दावा किया।
(0)