शिमला। दशकों तक पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के चुनावी हलके रहे रोहड़ू में पुहंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस इलाके के विकास के मामले में पिछड़ जाने का ठीकर बेशक अपरोक्ष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री पर वीरभद्र सिंह पर फोडा पर साथ ही कहा कि वह वीरभद्र सिंह की बहुत इज्जत करते हैं और वीरभद्र सिंह भी उनसे बेहद प्यार करते हैं।
इन दोनों के बीच पनप रहा ये प्यार व इज्जत का रिश्ता राजनीतिक तौर पर क्या गुल खिलाएगा ये देखा जाना बाकी हैं। हालांकि भाजपा में उनके विरोधी इन नजदीकियों को लेकर निगाह बनाए हुए हैं। जयराम ही नहीं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नडडा का भी वीरभद्र सिंह से पुराना याराना रहा हैं। बस अब धूमल ही बचे हैं जिनका वीरभद्र सिंह से रणनीतिक समझौता हैं,ये समझौता याराने में बदलेगा या नहीं इस पर भी विश्लेषकों की निगाह है। धूमल व उनके पुत्रों के खिलाफ एचपीसीए का मामला खत्म हो चुका हैं । ऐसे में इंतजार इस बात का है कि धूमल स्ट्राइक करेंगे या याराना जोड़ेंगे।
याद रहे इन दोनों के बीच का ये इज्जत व प्यार का सिलसिला पिछल्ले एक साल से जारी हैं व इस बावत सार्वजनिक मंचों पर दोनों ही इसका इजहार भी करते रहे हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह सिलसिला रोहड़ू में भी जारी रखा । रोहड़ू दशकों तक वीरभद्र सिंह का चुनावी हलका रहा था। सीमांकन के बाद उन्होंने अपना चुनावी हलका पहले शिमला ग्रामीण व अब अर्की को चुन लिया हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि यह इलाका प्रदेश के बहुत बड़े राजनीतिक दिग्गज का चुनावी हलका रहा हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोगों को लगता था कि रोहड़ू विकास के मामले में बहुत आगे पहुंच गया होगा । लेकिन यहां तो गांवों के लिए सड़कें तक नहीं हैं। इसके अलावा भी स्थिति अच्छी नहीं हैं। ये इलाका विकास के लिए तड़प रहा हैं। ठाकुर ने कहा कि हालांकि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र राज्य की राजनीति का मुख्य केन्द्र रहा है लेकिन रोहड़ू के अधिकतर दूरदराज क्षेत् आज भी विकास की दृष्टि से पिछड़े हैं।
जयराम ठाकुर आज रोहड़ू स्थित रामलीला मैदान में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने लोगों से वादा किया कि उनकी सरकार पूरे प्रदेश की तरह इस इलाके में चहुंतरफा विकास सुनिश्चित कराएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार करीब11 महीने का कार्यकाल पूरा करने जा रही है व प्रदेश के लोग वर्तमान सरकार व पूर्व सरकार के कार्य के बीच अन्तर को महसूस कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बिना किसी राजनीतिक भेदभाव से कार्य सुनिश्चित बनाए हैं
इस मौके पर मुख्यमंत्री रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के मनोरम चांशल क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने का सरकार का वादा दोहराया व कहा कि इसके लिए पर्याप्त अधोसंरचना उपलब्ध करवाएगी ताकि अधिक संख्या में साहसिक एवं बर्फ खेल प्रेमियों को यहां आकर्षित किया जा सके।
(0)