शिमला। भाजपा की ओर से आगामी विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री पद के संभावित प्रत्याशी व मोदी सरकार में मंत्री जगत प्रकाश नडडा को लेकर उनके सखा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने एम्स के बहाने उन पर चुटकी ली हैं। वहीं उनके लाडले विधायक बंबर ठाकुर गददी कांड पर भाजपा अध्यक्ष सतपाल सती पर बरसे हैं। जबकि भाजपा की ओर से बड़ापलटवार किया गया हैं। चूंकि मामला वोटों का हैं तो चूक का कोई सवाल ही नहीं हैं।
अपने बिलासपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने नडडा को लेकरतो चुटकी ली लेकिन गददी कांड पर कुछ नहीं बोला।लेकिन उनका लाडला विधायक बंबर ठाकुर भाजपा अध्यक्ष सती पर जरूर टूट पड़ा।
एम्स को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की आवश्यकता के मुताबिक एम्स के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करवा दी है, लेकिन उन्हें समझ नहीं आ रहा कि कौन से ऐसे विशेष कारण है जिनके चलते परियोजना के निर्माण में देरी की जा रही है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा राज्य के मुख्यमंत्री बनने की इच्छा पाले बैठे हैं और इसके बाद ही एम्स के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने के लिए परियोजना को हरी झंडी देने की सोच रहे हैं।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि बेघर हुए भाखड़ा विस्थापितों को भूमि प्लॉट प्रदान किए गए हैं। हालांकि, अधिकारों के लिए मुकदमेबाजी में उलझे कोटधार के छूटे हुए विस्थापितों का मामला पुनः केन्द्र सरकार से उठाया गया है और एक लघु समझौते के अन्तर्गत शीघ्र इसका निपटारा होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने आवंटित भूमि से अधिक का अधिग्रहण किया है, उन्हें बेघर लोगों की स्थिति का भी एहसास होना चाहिए।
बिलासपुर के विधायक बम्बर ठाकुर ने इस मौके पर गददी मसले पर निराधार ब्यानबाजी के लिए भाजपा प्रमुख सतपाल सत्ती की आलोचना की।
उधर, कांगड़ा में पूर्व मंत्री व शांता खेमे के गददी नेता किश्न कपूर की अगुवाई में गददी समुदाय को लेकर की ब्यानबाजी के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों पर लाठीचार्ज करने को लेकर भाजपा के प्रदेश के नेता ही नहीं मोदी सरकार में मंत्री जेपी नडडा ने भी वीरभद्र सिंह पर हमला बोला हैं।मुख्यमंत्री ने भाजपा अध्यक्ष सती को लेकर कहा था कि क्या हुआ वो भाजपा अध्यक्ष हैं, अध्यक्ष तो गददी सभा के भी होते हैं। भाजपा ने इसे गददी समुदाय का अपमान समझा व वीरभद्र के विरोध में उतर गए। भाजपाइयों ने कांगड़ा में प्रदर्शन भी किया जिस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। कांगड़ा में हाल ही में नए एसपी रमेश छाजटा तैनात हुए हैं। वो मुख्यमंत्री के लाडले अफसरों में शुमार हैं।
लाठीचार्ज व सीएम की बयानबाजी के विरोध में मोदी सरकार में मंत्री जे पी नडडा ने कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि सीएम स्तर का नेता इस तरह की बयानबाजी करता हो। इसके अलावा भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने भी वीरभद्र को निशाने पर लिया। भाजपा अध्यक्ष सतपाल सती और प्रवक्ता व विधायक राजीव बिंदल ने भी वीरभद्र सरकार की निंदा की। यही नहीं भाजपा के प्रदेश प्रभारी व बिहार में नीतिश सरकार में मंत्री बने मंगल पांडे भी मुख्यमंत्री पर टूट पड़े व दावा किया कि गददी समुदाय को जनजाति का दर्जा पूर्व की अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने दिया था। वीरभद्र सरकार ने तो उपहास व लाठीचार्ज ही दिया हैं।
(0)