शिमला। आजादी के बाद देश में सबसे ज्यादा लंबी अवधि तक राज करने व सबसे अमीर नेताओं वाली पार्टी में से एक कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश में हरेक बूथ से 22 हजार रुपए का चंदा एकत्रित करने का अभियान जारी किया हैं। कांग्रेस पार्टी में सबसे ज्यादा अमीर ठेकेदार जुड़े हुए हैं इसके बाद भी दिलचस्प रूप से चंदे का तामझाम शुरू कर दिया गया हैं।
पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज पार्टी मुख्यालय से इस जनसंपर्क नामक अभियान का आगाज किया। सुक्खू ने कहा कि कांगेस कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों को हर घर तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि 28 फरवरी 2019 तक यह अभियान चलेगा और हर बूथ से 22000 रुपये जुटाने का लक्ष्य है। ब्लॉक को यह पैसा जुटाकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को भेजना होगा। यह पैसा पार्टी फंड में जमा होगा, जिसका उपयोग आने वाले लोकसभा चुनाव में किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसके लिए हर बूथ को तीन तरह की रसीदें दी गई हैं। इसमें पहली रसीद 100 रुपए, दूसरी 500 व तीसरी 1000 रुपए की हैं। बूथ स्तर के पार्टी कार्यकर्ता इच्छानुसार रसीद कटवा सकते हैं। राशि जुटाने के साथ कार्यकर्ता अपने अपने बूथ में यह भी जनता को बताएंगे कि पूर्व यूपीए सरकार के समय आरटीआइ, खाद्य सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार का अधिकार मिला । जबकि भाजपा सरकार के चार साल में अधिकार तो नहीं मिले बल्कि छीने जरूर गए।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी, जीएसटी ने जनता को खून के आंसू रुलाए हैं, महंगाई आसमान पर है। हर व्यक्ति का जीना दूभर हो गया है। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस जनता को जागरूक करने का काम करेगी।
इस मौके पर पार्टी महासचिव हरभजन सिंह भज्जी, नरेश चैहान, पूर्व संसदीय सचिव रोहित ठाकुरने भी शिरकत की।
(0)