शिमला। प्रवर्तन निदेशालय की ओर से सीएम वीरभद्र सिंह के मनी लाड्रिंग केस में अटैच की गई संपतियों के मसले पर चर्चा कराने की मांग को मंजूर न करने पर विपक्षी पार्टी भाजपा ने सदन से वॉकआउट किया व जमकर नारेबाजी की। प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद भाजपा वापस सदन में लौट आई और कटौती प्रस्तावों पर चर्चा में भाग लिया।
सुबह प्रश्नकाल शुरू होने पर भाजपा विधायक सुरेश भारद्वाज ने स्पीकर से उन्हें दिए स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा कराने की मांग की। स्पीकर बृज बिहारी बुटेल ने भाजपा सदस्यों के इस मांग को खारिज कर दिया। जिस पर भाजपा विधायकों ने सदन में नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सदन में मौजूद नहीं रहे।भाजपा सदस्यों की नारेबाजी के बीच प्रश्नकाल शुरू हो गया।
साढ़े ग्यारह बजे के करीब भाजपा विधायक सुरेश भारद्वाज ने दोबारा स्पीकर से इस मसले पर चर्चा कराने का आग्रह किया। इस पर स्पीकर ने कहा कि नियमों में उन मामलों पर चर्चा कराने का प्रावधान नहीं है जो अदालतों व संवैधानिक संस्थाओं के पास लंबित है। स्पीकर ने कहा कि उन्होंने रूलिंगद दे दी है। बीच में उन्होंने एक टिप्पणी भी की कि लगता है भाजपा सदस्यों को स्पीकर की रूलिंग और अदालतों में भरोसा नहीं है। भारद्वाज ने कहा कि उन्हें भरोसा है। जिस मामले पर वो चर्चा मांग रहे है वो अदालत में नहीं है। ऐसे में भाजपा वाकआउट कर रहे है।
लेकिन तभी नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल अपनी सीट पर उठे और स्पीकर की ओर मुखातिब होकर कहा कि उन्होंने भाजपा सदस्यों को लेकर टिप्पणी की है कि उनका न्यायपालिका में भरोसा नहीं है।इसे एक्सपंज किया जाए। स्पीकर ने कहा कि ये पीठ नहीं कह रही ,भाजपा सदस्य कह रहे है।
धूमल ने कहा कि ये मामला अखबारों में आ रहा है। सीएम भाजपा पर आरोप लगा रहे है तो ये सदन में चर्चा क्यों नहीं हो सकती। स्पीकर ने अपनी रूलिंग दोहरा दी। इस धूमल बोले,कि वो वॉकआउट कर रहे है।इसके बाद पूरे विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया।प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद भाजपा सदस्य सदन में लौट आए। सदन में आते ही भाजपा सदस्य रविंद्र रवि ने चुटकी ली व गुड मार्निंग कहा। इस पर स्पीकर बृज बिहारी बुटेल ने भी चुटकी ली व बोले कि आप इतना न रुठा करो, हमसे। रवि ने फिर चुटकी ली, वीरभद्र सिंह का नाम लिए बगैर कहा कि उन्हें सदन में बुला तो लो। इसके बाद रवि ने सदन के पटल पर कागजात रखे और सदन की कार्यवाही चल पड़ी।
(6)