शिमला । करीब एक महीना बीत जाने के बाद प्रदेश की कुलदीप सिंह राठौर की कांग्रेस पार्टी भी देर से ही सही आखिर में लाहुल स्पिति में जयराम सरकार के मंत्री रामलाल मारकंडा को कोरोना काल में काजा में न घुसने देने वाली महिलाओं के समर्थन में उतर गई है। स्पिति की इन महिलाओं ने 9 जून को काजा में कृषि मारकंडा के घुसने का विरोध किया था व जयराम सरकार की पुलिस ने अब तक 200 के करीब महिलाओं के नाम एफआइआर में जोड़ दिए है। प्रदेश कांग्रेस पार्टी इस मामले में अभी तक खामोश थी लेकिन आज पार्टी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ही नहीं महिला कांग्रेस ने भी चुप्पी तोड़ी है। इस तरह एफआइआर में महिलाओं के नाम जोड़ने का विरोध सबसे पहले प्रदेश में गैर राजनीतिक तौर पर काम कर रहे बीस महिला संगठनों ने विरोध किया था। इनमें एकल नारी जैसा महिलाओं का बड़ा संगठन भी शामिल था।
याद रहे लाहुल स्पिति से कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक रवि ठाकुर वीरभद्र सिंह खेमे से नहीं है। समझा जा रहा है कि कुलदीप राठौर की कांग्रेस की इस मसले पर इतने दिनों तक चुप्पी की वजह यही खेमेबंदी रही हो।
बहरहाल आज महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने काजा में पुलिस की ओर से महिलाओं के खिलाफ दर्ज मामलों पर कड़ा एतराज जताते हुए इन्हें तुरन्त रद्द करने की मांग की है। राजधानी में पत्रकारों से बातचीत में चंदेल ने कहा है कि इन महिलाओं ने कोई भी कानून नही तोड़ा है।इनके खिलाफ बनाए गए मामलें पूरी तरह राजनैतिक प्रतिशोध व बदले की भावना से है।
चंदेल ने कहा कि एक तरफ प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहें है तो दूसरी तरफ प्रदेश सरकार ने यहां बाहर से आने वाले पर्यटकों को आने की अनुमति दे दी है।इससे साफ है कि कोविड-19 को लेकर सरकार गंभीर नही है।उन्होंने कहा कि सरकार का कोई भी फैसला स्पष्ट नहीं है।
चंदेल ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह प्रदेश की समस्याओं को दूर करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। असल मे सरकार के पास अपनी कोई सोच ही नहीं है।उन्हें जो केंद्र से निर्देश आते है उसे वह बगैर सोचे समझे लागू कर रही है।
केंद्र से प्रदेश को कोई भी आर्थिक सहायता नहीं मिल रही है।प्रदेश की आर्थिक स्थिति दिनों दिन बिगड़ती जा रही है।प्रदेश के उद्योग बंद पड़े है।मंहगाई बढ़ती जा रही है।बेरोजगारी दूर करने के कोई उपाय नहीं किये जा रहें है।उन्होंने कहा कि कोविड 19 के चलते केंद्र सरकार देश मे दो हजार करोड़ के आर्थिक पैकेज की बड़ी-बड़ी बातें की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पैकज कहां और किस को मिला यह देश को पता ही नहीं चल रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार सब हवा-हवाई बाते कर लोगों को गुमराह कर रही है।आज देश मे विकट स्थिति के बाबजूद भाजपा अपनी राजनीति कर रही है।
जैनब चंदेल ने कहा कि भाजपा कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी,राहुल गांधी को जिस ढंग से झूठ बोल कर बदनाम करने की कोशिश कर रही है उससे भाजपा नेताओं का चरित्र सामने आ गया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने नेताओं के साथ एकजुट होकर खड़ी है। भाजपा इनका बाल भी बांका नही कर सकती।उन्होंने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का सरकारी आवास खाली करवाने के पीछे भी इसकी ओछी राजनीति ही है जिसकी वह कड़ी निंदा करती है।
कांग्रेस लड़ेगी कानूनी जंग
पार्टी अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि अगर जयराम सरकार ने इन महिलाओं के खिलाफ दर्ज मामले वापस नहीं लिए तो इन 200 महिलाओं के खिलाफ चल रहे मुकदमों को लेकर कानूनी जंग कांग्रेस पार्टी लड़ेगी। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार का महिला विरोधी चेहरा उजागर हो गया है। यह मंत्री के इशारे पर बदले की कार्रवाई है।
रवि ठाकुर बोले एफआइआर का आधार ही नहीं
इस मसले पर लाहुल स्पिति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि इस मसले को लेकर उन्होंने ने भी पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट और हिमाचल हाईकोर्ट के वकीलों से राय मशविरा किया है व इस एफआइआर को रदद कराया जाएगा। इन एफआइआर का कोई आधार ही नहीं है। मंत्री के खिलाफ विरोध करने वाली महिलाओं ने उन्हें कानून मानने की मांग की थी। उन्होंने साथ ही जोड़ा कि जब मंत्री मारकंडा को जनता चाहती ही नहीं है तो उन्हें मामले बनवाने के बजाय अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
(1)